किसानों की समस्याओं को लेकर सपा यूथ ब्रिगेड ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
किसानों की समस्याओं को लेकर सपा यूथ ब्रिगेड ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता मसर्रत अली
सहसवान। सपा विधायक ब्रजेश यादव के निर्देश पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, समाजवादी पार्टी, बदायूं ने जिला महासचिव सोनू यादव के नेतृत्व में बुधवार को उपजिलाधिकारी सहसवान को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बरसात से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत दिलाने, सरसों की बुवाई के दृष्टिगत साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त DAP खाद उपलब्ध कराने तथा लेखपालों द्वारा अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार लौटाए जाने से सहसवान तहसील क्षेत्र के करीब 70 से 80 गांवों में प्रभावित राजस्व कार्य को तत्काल सुचारु कराने की मांग की गई।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव सोनू यादव ने कहा कि बरसात से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। सरसों की बुवाई के समय किसानों को DAP के लिए परेशानी न हो, इसके लिए साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि लेखपालों के अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्यभार लौटाए जाने से कई गांवों में राजस्व कार्य प्रभावित हैं। आय, जाति सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रभावित गांवों में लेखपालों की समुचित व्यवस्था कर लंबित राजस्व कार्य एवं प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों से जुड़े इन मामलों पर स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया गया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें