पानी भरे गड्ढे में डूबकर 12 साल के बालक की मौत, ठेकेदार ने जेसीबी से खुदवाया था
पानी भरे गड्ढे में डूबकर 12 साल के बालक की मौत, ठेकेदार ने जेसीबी से खुदवाया था गड्ढा
रिपोर्ट किशन शर्मा
बदायूं।मुजरिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुरसान में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया।खड़ंजा बिछाने के लिए खोदे गए आठ फीट गहरे गड्ढे में डूबकर 12 वर्षीय बालक रोहित की मौत हो गई।ग्रामीणों ने इस घटना के लिए संबंधित ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
यह गड्ढा प्राथमिक विद्यालय के पीछे खोदा गया था और मिट्टी निकालने के बाद खुला छोड़ दिया गया।बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर गया, जिससे यह बच्चों और ग्रामीणों के लिए खतरनाक बन गया था।मंगलवार शाम रोहित खेलते हुए इस पानी से भरे गड्ढे में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका।देर शाम तक जब रोहित घर नहीं लौटा तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। करीब आठ बजे रोहित का शव पानी से भरे गड्ढे में उतराता हुआ मिला। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया। रोहित मानसिक रूप से कमजोर था।
लापरवाही का आरोप:-ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे को समय रहते बंद नहीं किया गया।बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से यह जानलेवा बन गया था।ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने भी इस लापरवाही की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इसी गड्ढे में एक भैंस भी गिर गई थी, जिससे उसका पैर टूट गया था।
जांच में जुटी पुलिस:-हादसे की सूचना मिलते ही मुजरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। सहसवान तहसील से नायब तहसीलदार भी जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और नायब तहसीलदार ने परिजनों तथा ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें