गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर लूटा, 12 घंटे में वाहन संग दो बदमाश रामपुर से
गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर लूटा, 12 घंटे में वाहन संग दो बदमाश रामपुर से गिरफ्तार
संवाददाता मसर्रत अली
बदायूं।मूसाझाग थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के बोलेरो गाड़ी में सवार बदमाशों ने चालक को रोककर उससे कैंटर और मोबाइल लूट लिया।इसके बाद चालक और क्लीनर को बदमाश जंगल में पेड़ से बांधकर कैंटर लेकर भाग निकले।पुलिस ने 12 घंटे में ही कैंटर रामपुर के थाना गंज क्षेत्र से बरामद कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।लूट में शामिल पांच अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के गांव मैरी मजर के निकट बिहार से आ रहे कैंटर (यूपी-37-बीटी-3121) को बोलेरो सवार बदमाशों ने रोक लिया।आरोप है कि बदमाशों ने चालक जराफत निवासी बाबूगढ़ हापुड़ और उसके हेल्पर के साथ मारपीट कर दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए।इसके बाद कैंटर लूटकर भाग निकले।
उधर,किसी तरह बंधन छुड़ाकर कैंटर चालक थाने पहुंचा और लूट होने की जानकारी दी।चालक की तहरीर पर मूसाझाग थाने में आरोपियों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई।एसएसपी के निर्देशन में गठित टीम ने रामपुर के थाना गंज पुलिस के सहयोग से अभियान चलाकर लूटा कैंटर बरामद कर लिया।पुलिस ने रात में हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी तालकपुर थाना भोट रामपुर और हारुन पुत्र इश्तयाक निवासी अहेरीपुर थाना बकेवर इटावा को रामपुर से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में अन्नू, भूरे,मुकुल, गुड्डू और आरिस के नाम के बदमाशों के भी लूट वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें